राघोपुर में लगातार कटाव जारी, अंचलाधिकारी की मौजूदगी में हटाई जा रही झोपड़ियां

WhatsApp Channel Join Now
राघोपुर में लगातार कटाव जारी, अंचलाधिकारी की मौजूदगी में हटाई जा रही झोपड़ियां


भागलपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत परबत्ता थाना क्षेत्र के राघोपुर गंगा तटीय इलाके में गंगा नदी का भीषण कटाव लगातार जारी है। नदी की तेज लहरों द्वारा जमीन को अपनी आगोश में लेने के कारण तटबंध के किनारे बसे परिवारों पर गंभीर संकट मंडराने लगा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रशासन द्वारा किनारे स्थित झोपड़ियों को हटाने की त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

परबत्ता थाना पुलिस और अंचलाधिकारी (सीओ) के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रभावित क्षेत्र में मौजूद झोपड़ियों और कच्चे मकानों को खाली कराया जा रहा है ताकि कटाव की जद में आकर किसी भी जान-माल का नुकसान न हो। प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर प्रभावित राघोपुर गंगा क्षेत्र में लगातार लाउडस्पीकर (माइक) के माध्यम से मुनादी कराई जा रही है। आमजन को बाढ़ और कटाव की अद्यतन स्थिति से अवगत कराते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

प्रशासन द्वारा लगातार स्थानीय ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि वे समय रहते स्वयं और अपने कीमती सामानों और मवेशियों को यथाशीघ्र सुरक्षित स्थानों पर ले जाएं। अधिकारियों का कहना है कि गंगा का कटाव बेहद अनियंत्रित और तेज है, इसलिए ऐहतियात बरतना बेहद जरूरी है। फिलहाल पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर कैंप कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story