घरेलू विवाद में ई-रिक्शा चालक ने जहर खाकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now
घरेलू विवाद में ई-रिक्शा चालक ने जहर खाकर दी जान


भागलपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिले के जोगसर थाना क्षेत्र अंतर्गत आदमपुर धोबिया टोला में पारिवारिक विवाद से तंग आकर एक ई-रिक्शा चालक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।

मृतक की पहचान छोटू यादव के 26 वर्षीय पुत्र शिव कुमार यादव के रूप में हुई है, जो ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि शिव कुमार का वर्ष 2018 से नारायणपुर निवासी ब्यूटी कुमारी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। वर्ष 2020 में वह अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव गया था, जहां ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और दोनों की जबरन शादी करवा दी।

शादी के बाद दोनों आदमपुर में रहने लगे। इस दंपति के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बच्चा पिता के साथ रहता था, जबकि दूसरा मां के साथ मायके में रह रहा है। परिजन के अनुसार, पिछले छह महीनों से पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था। पत्नी घर छोड़कर मायके चली गई थी और फोन पर भी शिव कुमार से बात करने से कतराती थी।

आरोप है कि बातचीत के दौरान वह गाली-गलौज करती थी, जिससे शिव कुमार मानसिक तनाव में रहने लगा था। मृतक की मां अंजू देवी ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बहू का अपने ही रिश्तेदार, चचेरी मौसी के बेटे के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। उन्होंने बताया कि उनका बेटा हमेशा पत्नी की तस्वीर अपने पास रखता था और उससे बात करने की कोशिश करता था, लेकिन उसे अपमान ही झेलना पड़ता था।

बीते रात शिव कुमार रोज की तरह काम से घर लौटा और अपने कमरे में चला गया देर रात उसने जहर खा लिया। छोटे भाई ने उसे संदिग्ध हालत में देखा और परिजन को सूचना दी। आनन-फानन में उसे मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story