ईपीएफ गबन मामले में कार्रवाई नहीं होने पर किसान सलाहकारों में रोष, आंदोलन की चेतावनी
सुपौल, 20 जून (हि.स.)। जिले में किसान सलाहकारों की ईपीएफ राशि के कथित गबन मामले को लेकर नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। शनिवार को त्रिवेणीगंज अनुमंडल मुख्यालय स्थित प्रखंड कृषि कार्यालय के सामने किसान सलाहकारों ने प्रदर्शन कर मामले में आरोपित लोगों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बिहार राज्य किसान सलाहकार संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमन कुमार ने प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
डॉ. अमन कुमार ने कहा कि जिले के 158 किसान सलाहकारों की लगभग 1.20 करोड़ रुपये की ईपीएफ राशि के गबन का मामला सामने आने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई थी, लेकिन 20 दिन बीत जाने के बावजूद किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि इससे पीड़ित कर्मियों और उनके परिवारों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि ईपीएफ कर्मचारियों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण अधिकार है। यदि किसी कर्मचारी के खाते में जमा राशि गायब हो जाती है या पोर्टल पर शून्य बैलेंस दिखाई देता है तो इसका सीधा असर उसके भविष्य पर पड़ता है। उनका आरोप था कि इस मामले में संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की भूमिका की जांच होनी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
संघ के नेताओं ने बताया कि जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र के माध्यम से राशि में अनियमितता की पुष्टि की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से किसान सलाहकारों में असंतोष व्याप्त है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे न्याय और अपने अधिकार की मांग कर रहे हैं तथा मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी चाहते हैं। किसान सलाहकार संघ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मंगलवार को जिला मुख्यालय में लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्षों से किसान सलाहकार ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों तक सरकारी योजनाओं को पहुंचाने का कार्य करते रहे हैं और अब वे अपने ही अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। प्रदर्शन में जिला सचिव पप्पू कुमार, पवन कुमार, योगेश कुमार, विमल कुमार, हेमंत कुमार, बमबम कुमार, अशोक कुमार, सुनील कुमार, अरविंद कुमार, सुरेश सरदार, चंद्रप्रकाश भगत, रंजन कुमार, सुशील कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान सलाहकार उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

