सफाई मजदूरों के 1.33 करोड़ ईपीएफ मामले में जांच तेज: साइन एजेंसी ने कबूला 20 लाख बकाया

WhatsApp Channel Join Now
सफाई मजदूरों के 1.33 करोड़ ईपीएफ मामले में जांच तेज: साइन एजेंसी ने कबूला 20 लाख बकाया


भागलपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। भागलपुर नगर निगम के दैनिक सफाई मजदूरों के कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की राशि जमा नहीं करने के गंभीर मामले में जिला प्रशासन और नगर निगम ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है। अवकाश के बावजूद जिला कोषागार पदाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय जांच समिति ने निगम सभागार में दोनों आउटसोर्सिंग सफाई एजेंसियों—सीबीएस फैसिलिटी और साइन एंड स्टैंडर्ड—के प्रतिनिधियों के साथ मैराथन बैठक कर दस्तावेजों की गहन पड़ताल की। नगर निगम की प्रारंभिक आंतरिक जांच में साइन एंड स्टैंडर्ड एजेंसी पर करीब 72 लाख रुपये और सीबीएस एजेंसी पर करीब 61 लाख रुपये की ईपीएफ राशि मजदूरों के खातों में जमा नहीं करने का मामला उजागर हुआ था।

बैठक में साइन एजेंसी के प्रतिनिधि आरिफ ने समिति के समक्ष अपने दस्तावेज पेश करते हुए लिखित पक्ष रखा। एजेंसी ने 72 लाख के बजाय लगभग 20 लाख रुपये बकाया होने की बात स्वीकार की है और इस राशि को जमा करने के लिए प्रशासन से एक माह का समय मांगा है। जांच के दौरान दोनों एजेंसियों ने नगर निगम प्रशासन पर ही भुगतान रोकने का आरोप लगाया है। साइन एंड स्टैंडर्ड एजेंसी ने दावा किया है कि नगर निगम पर उसका करीब 2.40 करोड़ रुपये बकाया है, जिसका भुगतान लंबे समय से लंबित है। दूसरी ओर, सीबीएस फैसिलिटी के प्रतिनिधियों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से उनकी 10 प्रतिशत दर (रेट) बढ़ाई जानी थी, जो नहीं बढ़ाई गई और उनके बिल भी रोककर रखे गए हैं। गौरतलब है कि निगम प्रशासन ने सीबीएस एजेंसी के करीब 1.50 करोड़ रुपये के भुगतान पर रोक लगा रखी है।

जिला स्तरीय टीम इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि एजेंसियों को निगम से कुल कितनी राशि मिली, कितने मजदूरों से काम लिया गया, उनके पीएफ मद में कितनी कटौती हुई और कितना जमा किया गया। इसके अलावा निगम से किराए पर लिए गए संसाधनों के शुल्क की भी जांच चल रही है। इधर, सफाई मजदूरों को ईपीएफ और ईएसआईसी का सीधा लाभ दिलाने के लिए नगर आयुक्त ने निगम कार्यालय में 29 नवंबर तक वार्डवार विशेष कैंप लगाने का निर्देश दिया है। आधार और मोबाइल नंबर अपडेट होने से मजदूरों के खाते खुल सकेंगे और राशि जमा होने की सूचना उन्हें सीधे मोबाइल पर मिल सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781755 Articles

Share this story