सुपौल में इओयू की बड़ी कार्रवाई, आय से अधिक संपत्ति मामले में अभियंता के ठिकानों पर छापेमारी

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में इओयू की बड़ी कार्रवाई, आय से अधिक संपत्ति मामले में अभियंता के ठिकानों पर छापेमारी


सुपौल, 17 मार्च (हि.स.)। जिले के करजाईन क्षेत्र में आर्थिक अपराध इकाई इओयू पटना की टीम ने आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मधुबनी में पदस्थापित बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार रजक से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मंगलवार सुबह इओयू की टीम करीब एक दर्जन वाहनों के काफिले के साथ करजाईन पहुंची। टीम में कई वरीय अधिकारी शामिल हैं। छापेमारी के दौरान स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया और सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, करजाईन में मनोज कुमार रजक के भाई संजय कुमार रजक के एचपी गैस एजेंसी कार्यालय, गैस गोदाम और आवास पर जांच की जा रही है। इसके अलावा संस्कृत निर्मली स्थित गैस एजेंसी कार्यालय और बौराहा स्थित गैस गोदाम में भी एक साथ कार्रवाई चल रही है। करजाईन में ही अभियंता के आवास और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की भी गहन जांच की जा रही है।

इओयू अधिकारियों के मुताबिक, मनोज कुमार रजक के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला पहले से दर्ज है। उसी आधार पर एक साथ सात ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। टीम संपत्ति से जुड़े कागजात, बैंकिंग लेनदेन और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है।

सूत्रों के अनुसार, गैस एजेंसी के संचालन में भी अभियंता की संभावित भूमिका की जांच की जा रही है। हालांकि, इओयू के अधिकारी फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं। छापेमारी की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story