सीवान के उत्पाद निरीक्षक के पांच ठिकानों पर ईओयू का छापा
सीवान, 09 जुलाई (हि.स.)। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में सीवान के उत्पाद निरीक्षक अंकेश कुमार गोंड़ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
गुरुवार की सुबह ईओयू की टीम ने सीवान कार्यालय, आवास, पटना और मुंगेर के उनके पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। सभी स्थानों पर पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में तलाशी अभियान चलाया गया।
बिहार पुलिस मुख्यालय (आर्थिक अपराध प्रभाग) के अनुसार, विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त सूचना के सत्यापन के दौरान अंकेश कुमार गोंड़ के विरुद्ध ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले।
जांच में प्रथम दृष्टया उनके पास 2 करोड़ 36 लाख 31 हजार रुपये की ऐसी संपत्ति पाई गई, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 201.97 प्रतिशत अधिक है।
इस आधार पर आर्थिक अपराध इकाई थाना में कांड संख्या-13/26 दिनांक 8 जुलाई 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर गुरुवार को कार्रवाई शुरू की गई।
ईओयू की टीम ने दानापुर (पटना) स्थित आवास, मुंगेर के चंदनबाग स्थित पैतृक घर, लल्लूपोखर स्थित व्यावसायिक भवन, सीवान स्थित उत्पाद विभाग के कार्यालय कक्ष तथा नगर थाना क्षेत्र के कचहरी रोड स्थित किराये के आवास पर एक साथ तलाशी ली। आर्थिक अपराध इकाई के अधिकारियों ने बताया कि तलाशी की कार्रवाई जारी है।
जांच पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेजों, संपत्तियों और अन्य तथ्यों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

