विक्रमशिला सेतु संकट के बीच यात्रियों की सुरक्षा में मुस्तैद भागलपुर पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
विक्रमशिला सेतु संकट के बीच यात्रियों की सुरक्षा में मुस्तैद भागलपुर पुलिस


भागलपुर, 18 मई (हि.स.)। विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद से बरारी पूल घाट इन दिनों यात्रियों की आवाजाही और ठहराव का बड़ा केंद्र बना हुआ है। बड़ी संख्या में लोग बरारी पूल घाट के रास्ते सफर करने को मजबूर हैं। ऐसे हालात में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।

रात के अंधेरे में जब यात्री घाट किनारे विश्राम कर रहे होते हैं, तब भागलपुर पुलिस उनकी सुरक्षा कवच बनकर मुस्तैदी से डटी रहती है। मौके पर तैनात जितेंद्र कुमार ओझा अपने दो जवानों के साथ रातभर घाट क्षेत्र में गश्त करते नजर आते हैं। वे विश्राम कर रहे यात्रियों के बीच पहुंचकर उनका हालचाल लेते, सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते और लोगों को भरोसा दिलाते दिखे कि प्रशासन उनके साथ खड़ा है।

पुलिस अधिकारी जितेंद्र कुमार ओझा ने बताया कि जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट निर्देश हैं कि बरारी पुल घाट पर आने-जाने वाले हर यात्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। रात में घाट पर ठहरने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसे लेकर लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग की जा रही है।

उन्होंने कहा कि विक्रमशिला सेतु की स्थिति को देखते हुए यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसलिए प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है। पुलिसकर्मी न केवल सुरक्षा में तैनात हैं, बल्कि यात्रियों की हर छोटी-बड़ी जरूरत पर भी नजर रख रहे हैं।

भागलपुर पुलिस की यह मानवीय और जिम्मेदार कार्यशैली लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। देर रात घाट पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी ने यात्रियों में सुरक्षा और भरोसे का एहसास पैदा किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story