लोगों के बीच भ्रामक सूचनाएं नहीं फैले, इस पर खास ध्यान की जरुरत : श्रवण कुमार

WhatsApp Channel Join Now
लोगों के बीच भ्रामक सूचनाएं नहीं फैले, इस पर खास ध्यान की जरुरत : श्रवण कुमार


पटना, 08 मई (हि.स.)। बिहार सरकार में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने शुक्रवार को विभाग का पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सूचना प्रसारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का अधिकतम उपयोग करते हुए सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली गलत और भ्रामक खबरों की तथ्यात्मक जांच कर विभाग के आधिकारिक हैंडल से तुरंत खंडन जारी किया जाए, ताकि आम लोगों के बीच किसी प्रकार का भ्रम न फैले।

मंत्री ने कहा कि विभाग का मुख्य फोकस सूचनाओं के सही, सटीक और समयबद्ध प्रसारण पर रहेगा, जिससे कि जनता तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की सही जानकारी पहुंच सके।

श्रवण कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा अब तक उन्हें जो भी विभाग सौंपे गए, उनका सफलतापूर्वक संचालन किया गया है और वे नई जिम्मेदारी को भी पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे।

उन्होंने बिहार की सकारात्मक छवि को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि राज्य के बाहर भी बिहार की बेहतर पहचान स्थापित करने के लिए व्यापक कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, रेडियो और सोशल मीडिया सहित सभी माध्यमों का समन्वित उपयोग किया जाएगा।

मंत्री ने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए, ताकि अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सूचनाएं उपलब्ध हो सकें।

श्रवण कुमार ने विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि विभाग में मानव संसाधन की कमी को जल्द पूरा किया जाए, ताकि सभी कार्य बिना किसी बाधा और देरी के समय पर संपन्न हो सकें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सूचना प्रसार को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नई तकनीकों और रचनात्मक तरीकों का उपयोग किया जाए।---------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story