स्टेशन से एमजीएम तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 50 हजार जुर्माना वसूला

WhatsApp Channel Join Now
स्टेशन से एमजीएम तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 50 हजार जुर्माना वसूला


किशनगंज, 11 सितंबर (हि.स.)। शहर में जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर परिषद की ओर से शुक्रवार को व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ अभियान कैलटैक्स चौक होते हुए एमजीएम तक चला। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जे को बुलडोजर की मदद से हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों से कुल 50 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। नगर परिषद की टीम ने दुकानों के बाहर सड़क तक बढ़ाए गए हिस्से, अवैध स्टॉल, छज्जे और सड़क किनारे रखे सामान को हटाया। दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर सार्वजनिक आवागमन बाधित न करें। अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई कम होने से वाहनों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी होती है और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है।अभियान के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। सब इंस्पेक्टर मनीष पासवान के नेतृत्व में महिला एवं पुरुष जवानों की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। कैलटैक्स चौक पर एक अतिक्रमणकारी द्वारा कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करने पर प्रशासन ने उसे गिरफ्तार कर थाना भेज दिया।

अभियान में नगर परिषद के विधि प्रशाखा प्रभारी कमलेश कुमार, राकेश रामदास, राजेश साह, राजेश कुमार, अविनाश कुमार, धीरज कुमार, अमरजीत पासवान, अजय भगत, कमल सिंह सहित राजस्व कर्मी, वार्ड जमादार एवं स्वच्छता साथियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी स्वरूपम राज ने बताया कि शहर को जाममुक्त बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अभियान के बाद दोबारा सड़क या फुटपाथ पर कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और जुर्माना वसूली की जाएगी।

अधिकारियों ने दुकानदारों एवं आम लोगों से सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त रखने में सहयोग की अपील की। अभियान के बाद अब प्रशासन के सामने हटाए गए अतिक्रमण वाले स्थानों पर दोबारा कब्जा रोकने की चुनौती है। इसके लिए नियमित निगरानी जारी रखने की बात कही गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story