रामपुर ओवरब्रिज के पास से अनुमंडल प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया
अररिया 15 सितम्बर(हि.स.)।
फारबिसगंज अनुमंडल प्रशासन ने मंगलवार की सुबह रामपुर ओवरब्रिज के पास एनएच 27 पर अतिक्रमण कर दुकान कर रहे लोगों के दुकान को हटाया।
एसडीएम अभय कुमार तिवारी,एसडीपीओ पंकज कुमार,थानाध्यक्ष मनोज कुमार सहित पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारियों की मौजूदगी में अतिक्रमित जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया।
रामपुर ओवरब्रिज के नीचे और अगल बगल के इलाके में दर्जनों गुमटियां स्थापित कर दुकानों का संचालन किया जा रहा था,जिसके कारण जाम की समस्या के साथ साथ असामाजिक तत्वों का अड्डा लगा रहता था।
पिछले दिनों हुए मीटिंग में स्थानीय लोगों ने इस अतिक्रमण के कारण होने वाले परेशानी को लेकर अनुमंडल प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया था, जिसको लेकर मंगलवार सुबह में अभियान चलाकर अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।अनुमंडल प्रशासन के बुलडोजर के साथ अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंचने पर थोड़ी देर के लिए दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया और कई दुकानदारों ने खुद से दुकान की गुमटी को हटाया।
मौके पर एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने कहा कि एनएचएआई के साथ सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में भी जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश है कि एनएच के किनारे अतिक्रमण कर दुकानों को नहीं लगाना है,जिसके तहत कार्रवाई की गई और अतिक्रमित जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया।
उन्होंने कहा कि दुकानों के हटने के बाद फिर से अतिक्रमण किए जाने की स्थिति में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

