जोगबनी मुख्य बाजार से हटाया गया अतिक्रमण
अररिया 06 अक्टूबर(हि.स.)।
भारत नेपाल सीमा पर अवस्थित जोगबनी मुख्य बाजार में मंगलवार को प्रशासन का डंडा अतिक्रमणकारियों के खिलाफ चला।
फारबिसगंज अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी और जोगबनी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मयंक कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बलों के साथ प्रशासन ने सख्ती से पेश आकर सरकारी अतिक्रमित जमीन को अतिक्रमणकारियों के कब्जे से मुक्त कराया।
मुख्य बाजार में अचानक मंगलवार को चले अतिक्रमण हटाओ अभियान से हड़कंप मच गया।दुकान के बाहर पसारे समानों को दुकानदार अंदर करने में जुट गये और पूरा बाजार में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया।
सड़क के किनारे लगे गुमटी और दुकानों को हटाया गया।वहीं पक्का निर्माण पर प्रशासन का बुलडोजर चला। जोगबनी मुख्य बाजार में सैकड़ों की संख्या में सड़क पर ठेला लगाकर अस्थायी दुकान दुकानदार चलाते हैं।सड़क पर अस्थाई दुकानों और अतिक्रमण के कारण बाजार में हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है।इससे पहले प्रशासन के द्वारा जोगबनी हाट में भी बुलडोजर चलाकर हाट की अतिक्रमित जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया था।
मौके पर मौजूद एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने कहा कि दशहरा और अन्य पर्वों के मद्देनजर जोगबनी बाजार में जाम की स्थिति हमेशा बनी रहती है,जिसको लेकर लगातार शिकायत मिल रहा था।जिसके आलोक में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया हैं और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेवारी है।उन्होंने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी भरे लहजे में कहा कि खाली कराए गए अतिक्रमित जमीन पर फिर से कब्जा किए जाने के प्रयास पर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

