डीएम एसपी की निगरानी में एनएच से हटाया गया अतिक्रमण

WhatsApp Channel Join Now
डीएम एसपी की निगरानी में एनएच से हटाया गया अतिक्रमण


अररिया 12 जून(हि.स.)।

सुप्रीम कोर्ट के एनएच सुरक्षा को लेकर दिए गए आदेश के आलोक में अररिया में आज डीएम और एसपी के नेतृत्व में जीरो माइल के इलाके में अभियान चलाकर एनएच के बगल के जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

अभियान के दौरान डीएम विनोद दूहन और एसपी जितेन्द्र कुमार के साथ बड़ी संख्या में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी और बल मौजूद थे।अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि एवं राइट ऑफ वे क्षेत्र में किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाया गया।इससे पहले जिला प्रशासन के द्वारा सबों को पूर्व में नोटिस दिया गया था,लेकिन नोटिस के बावजूद अतिक्रमणकारियों द्वारा अतिक्रमण मुक्त नहीं किए जाने पर डीएम एसपी खुद निगरानी करते हुए अतिक्रमित जमीन को कब्जा मुक्त कराया।

मौके पर डीएम ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध अतिक्रमण सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती उत्पन्न करता है तथा दुर्घटनाओं की आशंका को बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची एवं स्थानीय स्तर पर किए गए सर्वेक्षण के आधार पर अतिक्रमित स्थलों को चिन्हित किया गया है।

सभी संबंधित व्यक्तियों को नियमानुसार पूर्व में नोटिस भी निर्गत किया गया था, जिसके उपरांत यह कार्रवाई की जा रही है।जिला पदाधिकारी ने कहा कि सर्वाेच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में जिले से होकर गुजरने वाले सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी। राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि, सड़क किनारे के सुरक्षा क्षेत्र एवं राइट ऑफ वे पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, निर्माण, दुकान, अस्थायी संरचना, होर्डिंग अथवा अन्य अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने आम लोगों, व्यवसायियों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटा लें तथा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में प्रशासन का सहयोग करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एसपी जितेंद्र कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा किसी भी नए अतिक्रमण को विकसित नहीं होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद पुनः अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story