महिला और पुरुष दोनों के योगदान से विकसित होता है समाज : महापौर

WhatsApp Channel Join Now


महिला और पुरुष दोनों के योगदान से विकसित होता है समाज : महापौर


बेगूसराय, 13 मार्च (हि.स.)। रक्तदान सहित समाज हित में लगातार अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने वाली सामाजिक संस्था जयमंगला वाहिनी समाज हित में योगदान देने वालों को सम्मानित भी करती है। इसी कड़ी में सोमवार को जयमंगला वाहिनी द्वारा डीपीएस स्कूल के प्रांगण में सशक्त नारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बेगूसराय के महापौर पिंकी देवी, उप महापौर अनीता राय एवं पूर्व महापौर संजय कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर नगर निगम के सबसे युवा पार्षद प्रियंका कुमारी, खुशी मिश्रा, कृष्णा कुमारी, सीमा पासवान, अंजली प्रिया, रत्ना भारती, शिवानी, रागनी, तबस्सुम खान एवं शालिनी समेत दर्जनों महिलाओं को अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर पिंकी देवी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण हमारे समाज में महिलाओं के उत्थान के लिए अत्यंत आवश्यक है। एक विकसित समाज के महिला और पुरुष दोनों का योगदान आवश्यक है। आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही है, जिसके कई उदाहरण हमारे सामने हैं। महिलाओं को सम्मानित कर जयमंगला वाहिनी ने समाज हित में एक और बेहतरीन कार्य किया है।

उप महापौर अनीता राय ने कहा कि हमारे पुरुष प्रधान समाज में नारियों का इतना सम्मान है कि पहले सीता आती हैं फिर राम। इतने विकसित समाज में भी नारी अभी तक अपनी क्षमताओं को नहीं पहचान पाई हैं। इसलिए नारी सशक्तिकरण की आवश्यकता हो रही है। समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही जयमंगला वाहिनी, नारी सशक्तिकरण के लिए जो पहल कर रही है वह सराहनीय है।

हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र

Share this story