जिला स्कूल में 20 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, 30 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां देंगी नौकरी का अवसर

WhatsApp Channel Join Now


भागलपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है।

बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय, भागलपुर के तत्वावधान में आगामी 20 नवंबर को शहर के जिला स्कूल परिसर में एक दिवसीय 'जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला 2026-27' का आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार मेले में राज्य और राज्य के बाहर की 30 से अधिक प्रतिष्ठित निजी क्षेत्र की कंपनियां और नियोजक हिस्सा ले रहे हैं।

ये कंपनियां अपनी आवश्यकता के अनुसार योग्य युवक-युवतियों का चयन कर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी। मेले में प्रमुख नियोजकों के रूप में ब्लिंकिट, ज़ेप्टो प्रा. लि., लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, के के एंटरप्राइज, 2-कॉम कंसल्टिंग प्रा. लि., सिएल एचआर सर्विसेज लिमिटेड, नव भारत फर्टिलाइजर्स प्रा. लि., एसआईएस ट्रेनिंग सेंटर (जमुई), डीसेट्स प्रा. लि., एडेको इंडिया, विज़न इंडिया सर्विसेज तथा नेटएम्बिट वैल्यू फर्स्ट सर्विस सहित कई अन्य नामी संस्थान शामिल हो रहे हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार एवं रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी उपलब्ध कराना और उन्हें बेहतर करियर के लिए व्यावसायिक मार्गदर्शन देना है।

जिला प्रशासन एवं जिला नियोजनालय, भागलपुर की ओर से जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस मेले में पहुंचकर उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं। मेले में भाग लेने के लिए इच्छुक अभ्यर्थी विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर अपना ऑनलाइन निबंधन करा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778953 Articles

Share this story