डीएमसीएच में 20 सूत्री मांगों पर दूसरे दिन भी जारी रहा कर्मियों का धरना-सत्याग्रह

WhatsApp Channel Join Now
डीएमसीएच में 20 सूत्री मांगों पर दूसरे दिन भी जारी रहा कर्मियों का धरना-सत्याग्रह


दरभंगा, 09 जुलाई (हि.स.)।

बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, विशेष शाखा-डीएमसीएच, लहेरियासराय के बैनर तले 20 सूत्री मांगों के समर्थन में कर्मचारियों का धरना-सत्याग्रह मंगलवार को दूसरे दिन भी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल परिसर में जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।

धरना दे रहे कर्मचारियों ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र को पद से हटाने, सर्जरी विभाग के चिकित्सक डॉ. सुरेंद्र कुमार के विरुद्ध कार्रवाई कर उन्हें प्रभारी उपाधीक्षक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करने तथा बीएससी नर्सिंग कॉलेज की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती भवानी भारती को पद से हटाने की मांग दोहराई।

संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार सिन्हा एवं मंत्री अजय कुमार साह ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन की कथित संवेदनहीनता, प्रशासनिक अनुभवहीनता और निर्णय लेने में विलंब के कारण कर्मचारियों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्था प्रभावित हो रही है, मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है तथा कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान लंबित है।

कर्मचारियों ने ब्लड बैंक में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, एसीपी एवं एमएसीपी का लंबित लाभ देने, हटाए गए कर्मचारियों की सेवा बहाल करने, कर्मचारियों पर कथित दमनात्मक कार्रवाई रोकने तथा बीएससी नर्सिंग कॉलेज से जुड़ी समस्याओं के समाधान की भी मांग उठाई।

धरना स्थल पर आयोजित सभा में संघ नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मांगों के समाधान नहीं होने पर संघ का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही पटना जाकर सरकार के समक्ष पूरे मामले को रखेगा।

प्रकाश कुमार सहनी एवं लालन शर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित सभा में कर्मचारियों ने मांगें पूरी होने तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story