हाथी के हमले में मृत वृद्ध के परिजनों को वन विभाग ने सौंपा 10 लाख रुपये का मुआवजा

WhatsApp Channel Join Now
हाथी के हमले में मृत वृद्ध के परिजनों को वन विभाग ने सौंपा 10 लाख रुपये का मुआवजा


नवादा, 15 जून (हि.स.)। नवादा जिले के कौआकोल प्रखण्ड के मंझिला पंचायत अंतर्गत बिन्दीचक गांव में जंगली हाथी के हमले में जान गंवाने वाले वृद्ध राजाराम पासवान के आश्रित को वन विभाग की ओर से सोमवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

मृतक की पत्नी रुक्मिणी देवी को विभाग द्वारा सोमवार को घर जाकर 10 लाख रुपये का चेक सौंपा गया।

जानकारी देते हुए वन क्षेत्र पदाधिकारी (रेंजर) सौरभ सांडिल्य ने बताया कि बीते 11 मई को बिन्दीचक गांव के फुसबंग्ला टोला निवासी राजाराम पासवान पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया था। इस घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

घटना के बाद वन विभाग द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए सरकार की ओर से निर्धारित मुआवजा राशि के रूप में मृतक के आश्रित पत्नी रुक्मिणी देवी को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ अखिलेश कुमार ने कहा कि सरकार वन्यजीवों से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मौके पर पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि रंजीत रजक सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story