इलेक्ट्रॉल लिट्रेसी क्लब के तहत नवाचारी शिक्षक डॉ. रणधीर राणा सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
इलेक्ट्रॉल लिट्रेसी क्लब के तहत नवाचारी शिक्षक डॉ. रणधीर राणा सम्मानित


सुपौल, 11 अगस्त (हि.स.)। बबूजन विशेश्वर बालिका उच्च माध्यमिक (+2) विद्यालय, सुपौल में इलेक्ट्रॉल लिट्रेसी क्लब के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के विशिष्ट एवं नवाचारी शिक्षक डॉ. रणधीर कुमार राणा को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

अवर निर्वाचन पदाधिकारी, कमलेश कुमार ने डॉ. राणा को शील्ड एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अवर निर्वाचन पदाधिकारी कमलेश कुमार ने कहा कि करीब एक सप्ताह पूर्व विद्यालय परिसर में इलेक्ट्रॉल लिट्रेसी क्लब के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी अनिरुद्ध कुमार यादव, अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर कुमार साहू, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तारकेश्वर पटेल तथा विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक गोपाल चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कराने में डॉ. रणधीर कुमार राणा का समन्वय एवं अथक प्रयास सराहनीय रहा। उनके मार्गदर्शन में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं के लिए भाषण, निबंध लेखन, पेंटिंग, क्विज एवं रंगोली सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया गया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को मेडल, शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मतदाता जागरूकता, निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतांत्रिक अधिकार एवं कर्तव्य तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। छात्राओं को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने तथा भविष्य में अपने मताधिकार का विवेकपूर्ण एवं जिम्मेदारी के साथ प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

अवर निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, जिम्मेदार नागरिकता और मतदाता जागरूकता की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। विद्यालय स्तर पर इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम ने छात्राओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय एवं जिम्मेदार भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story