सुपौल में करंट लगने से राजमिस्त्री की मौत, निर्माणाधीन मकान में हुआ हादसा

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में करंट लगने से राजमिस्त्री की मौत, निर्माणाधीन मकान में हुआ हादसा


सुपौल, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के खोरिया मिशन स्थित वार्ड संख्या पांच में शुक्रवार सुबह बिजली का करंट लगने से एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान वीरेंद्र मुखिया के पुत्र हरेंद्र मुखिया के रूप में हुई है।

हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, हरेंद्र मुखिया अपने घर का निर्माण करा रहे थे। शुक्रवार सुबह निर्माणाधीन मकान में पानी देने के लिए वह मोटर का तार लगा रहे थे। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. श्रवण कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलने पर त्रिवेणीगंज पुलिस अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए परिजनों को कहा, लेकिन उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

हरेंद्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

इस संबंध में त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762001 Articles

Share this story