बिजली करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

WhatsApp Channel Join Now
बिजली करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम


सुपौल, 11 अक्टूबर (हि.स.)। नदी थाना क्षेत्र के बेलही गांव निवासी प्रमोद कुमार मंडल की शनिवार शाम बिजली करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वह मधुबनी जिले के लौकही थाना क्षेत्र अंतर्गत धनछिहा गांव में राजमिस्त्री के साथ मजदूरी करने गया था। इसी दौरान करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, प्रमोद कुमार मंडल अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए राजमिस्त्री के साथ मजदूरी करने धनछिहा गांव गया था। शनिवार शाम काम के दौरान वह बिजली के तार की चपेट में आ गया। हादसे के बाद आनन-फानन में उसे इलाज के लिए निर्मली अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। यहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. शैलेन्द्र कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रमोद की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में पहुंचे परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक के परिजन सदमे में हैं। वहीं, बेलही गांव में भी शोक का माहौल है।

डॉ. शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जाएगी। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story