छापेमारी दल ने चोरी कर बिजली का उपयोग करते उपभोक्ता को पकड़ा,केस दर्ज
अररिया 01 सितम्बर(हि.स.)। फारबिसगंज रेफरल रोड वार्ड संख्या सात स्थित आनंद मेडिकल हॉल के निकट चोरी कर बिजली का उपयोग करते एक उपभोक्ता को बिजली विभाग की गठित टीम ने पकड़ा।मामले को लेकर कनीय विद्युत अभियंता ग्रामीण चंदन कुमार मांझी ने दीक्षा कुमारी पति मणिशंकर कुमार के खिलाफ 27 हजार 613 रूपये ऊर्जा चोरी का फारबिसगंज थाना में विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 एवं अन्य सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कराया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कनीय विद्युत अभियंता चन्दन कुमार मांझी ने बताया कि विद्युत ऊर्जा चोरी के खिलाफ छापेमारी के लिए उनके नेतृत्व में मानव बल मो.ताहिर,शम्भू शरण सिंह,अनवारुल के साथ विशेष टीम गठित की गई थी।टीम रेफरल रोड वार्ड संख्या सात आनंद मेडिकल हॉल के पास पहुंची तो पाया कि उपभोक्ता दीक्षा कुमारी पति मणिशंकर कुमार के पास स्मार्ट मीटर लगा हुआ था। लेकिन उपभोक्ता के द्वारा मेन सर्विस तार में मीटर से पहले छत पर एक दूसरे तार को जोड़कर मीटर को बाईपास करते हुए अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था,जिससे एनबीपीडीसीएल को 27 हजार 613 रूपये राजस्व क्षति का आकलन किया गया।मामले में केस दर्ज कराया गया है।
उन्होंने कहा कि अवैध बिजली चोरी के खिलाफ विभाग का अभियान जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

