बासा पर सो रहे बुजुर्ग किसान की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

WhatsApp Channel Join Now
बासा पर सो रहे बुजुर्ग किसान की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत


भागलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। नवगछिया पुलिस जिला के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंडी स्थान में बुधवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक बुजुर्ग किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक चंडी स्थान निवासी 70 वर्षीय फूलो मंडल है। अपराधियों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब वे अपने खेत के बासा पर सो रहे थे।

बताया जा रहा है कि फूलो मंडल रोज की तरह रात में अपने बासा पर सोए हुए थे। इसी दौरान देर रात पहुंचे हथियारबंद अपराधियों ने बेहद करीब से उनके सिर में गोली मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। गुरुवार सुबह जब मृतक की पत्नी बासा पर पहुंचीं, तो उन्होंने पति को मृत अवस्था में पाया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे गांव में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुराने जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है।

मृतक के परिजन ने आरोप लगाया है कि फूलो मंडल को घटना से महज दो दिन पहले ही जान से मारने और गोली मारने की धमकी दी गई थी। परिवार के सदस्यों का कहना है कि गांव के ही एक पक्ष (संचिता मंडल के पुत्र नागे मंडल) के साथ उनका पुराना विवाद चल रहा है, जिसका मामला फिलहाल न्यायालय में लंबित है। परिजन ने पूर्व में भी मारपीट किए जाने और लगातार धमकियां मिलने का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही इस्माइलपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। साक्ष्य जुटाने के लिए मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजन के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हर पहलू से मामले की गहन तफ्तीश की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779549 Articles

Share this story