ट्रैक्टर से गिरकर ट्रॉली के पहिए के नीचे आया आठ वर्षीय मासूम, दर्दनाक मौत
किशनगंज, 17 नवंबर (हि.स.)। जिले के दिघलबैंक प्रखंड अंतर्गत सतकौआ पंचायत के कुतवाभिट्ठा गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से आठ वर्षीय मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक की पहचान गांव निवासी मो. अख्तरूल के आठ वर्षीय पुत्र मो. याकूब के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, याकूब अपने परिवार के सदस्यों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर धान की कुटाई कराने के लिए घर के समीप स्थित एक मिल जा रहा था। ट्रैक्टर पर अधिक लोगों के सवार होने के कारण बच्चा ट्रैक्टर के हुड पर बैठा हुआ था। इसी दौरान रास्ते में अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़ा। दुर्भाग्यवश, पीछे चल रही ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। इस दर्दनाक हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ देर पहले तक सामान्य माहौल था, वहां बच्चे की मौत से मातम छा गया। मासूम याकूब की मौत की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग उसके घर पहुंचने लगे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीण भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं। ग्रामीणों के अनुसार, घटना की सूचना अब तक पुलिस को नहीं दी गई है। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही बच्चे के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
इस हादसे ने एक बार फिर ट्रैक्टर पर क्षमता से अधिक लोगों को बैठाकर यात्रा करने के खतरों को उजागर कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

