सुल्तानगंज-तारापुर मार्ग पर कार और ऑटो में भीषण भिड़ंत, आठ लओग गंभीर रूप से घायल

WhatsApp Channel Join Now
सुल्तानगंज-तारापुर मार्ग पर कार और ऑटो में भीषण भिड़ंत, आठ लओग गंभीर रूप से घायल


भागलपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर बाबा चौक के समीप मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। मुंगेर की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने तारापुर की ओर से आ रहे यात्रियों से भरे एक टेंपो (ऑटो) में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो सड़क पर ही पलट गया।

हादसे में टेंपो पर सवार करीब एक दर्जन लोगों में से एक बच्ची और चार महिलाओं समेत 8 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। घटना दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम और सुल्तानगंज थाना अध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की मदद से क्षतिग्रस्त टेंपो में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) भिजवाया। इस सड़क दुर्घटना में घायल हुए लोगों में मोहन कुमार, रिया कुमारी, कंचन देवी, मंगल मांझी, जयकरण मांझी, अर्चना देवी और रोहित कुमार शामिल है।

पुलिस के अनुसार घायल मुंगेर और भागलपुर जिले के विभिन्न इलाकों के रहने वाले हैं। अस्पताल में सभी का प्राथमिक उपचार कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। सुल्तानगंज थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की गहनता से छानबीन की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771819 Articles

Share this story