ईद-उल-अजहा का पर्व हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न
सहरसा, 28 मई (हि.स.)। जिले में गुरुवार को ईद-उल-अजहा का पर्व हर्षोल्लास,आपसी भाईचारे एवं शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। जिले के विभिन्न ईदगाहों एवं मस्जिदों में हजारों की संख्या में मुस्लिम भाइयों ने नमाज अदा कर मुल्क में अमन, शांति और तरक्की की दुआ मांगी। पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
सभी प्रमुख ईदगाहों, चौक, चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती रही।शहर के बस्ती पोखर स्थित बड़ी ईदगाह में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की।
ईदगाह के इमाम मौलाना मेराज ने कहा कि ईद-उल-अजहा हजरत इब्राहिम अलैहिस सलाम की कुर्बानी एवं अल्लाह के प्रति समर्पण की याद में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व त्याग, बलिदान एवं इंसानियत का संदेश देता है. अपने सामर्थ्य के अनुसार लोग कुर्बानी करते हैं एवं जरूरतमंदों की मदद भी करते है।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। ईदगाह कमिटी की ओर से हिंदू-मुस्लिम एकता एवं सामाजिक सौहार्द का संदेश भी दिया गया।
प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सदर एसडीओ श्रेयांस तिवारी एवं सदर एसडीपीओ आलोक कुमार लगातार विभिन्न ईदगाहों का भ्रमण करते रहे। बस्ती ईदगाह कमिटी द्वारा नमाजियों के लिए पेयजल, साफ, सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गयी थी।
पूरे जिले में पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होने से लोगों में खुशी का माहौल देखा गया।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

