ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों में अदा की गई ईद उल फितर की नमाज़
अररिया 21 मार्च(हि.स.)।
चांद रात के बाद शनिवार को जिले के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाह मैदान में ईद उल फितर की नमाज अदा की गई।ईद को लेकर सुबह से ही मुस्लिम समुदाय में खुशी का आलम रहा।सुबह में स्नान आदि कर नए परिधानों के साथ बच्चे बूढ़े सभी ईदगाह मैदान और अगल बगल के मस्जिद पहुंचकर ईद की नमाज अदा की और एक दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।अररिया के ईदगाह मैदान, जामा मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई।लोगों ने एक दूसरे के घरों में जाकर ईद की बधाई देते हुए सेवई के साथ अन्य मिष्ठानों के साथ मुंह मीठा कराया।वहीं बड़े बुजुर्गों ने ईद के मौके पर अपने से छोटों को ईदी के रूप में पैसे और अन्य खिलौने देकर आशीर्वाद प्रदान किया।
ईद-उल-फितर के मौके पर आज शनिवार को ईदगाह समेत जामा मस्जिद में काफी बड़ी तादाद में लोग इकट्ठा हुए और सबने मिलकर ईद की नमाज अदा की। सभी लोगों ने नमाज अदा करने के बाद एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
एक महीने के रोजे रखने के बाद आए ईद को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया।शुक्रवार की रात बदले मौसम के बावजूद चांद रात को खरीददारी के लिए देर रात तक बाजार में खरीददारों की भीड़ उमड़ी रही।फारबिसगंज के कर्बला के मैदान में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईद की नमाज अदा की गई।जहां न केवल मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में हिन्दू समुदाय के लोग,अधिकारी और सियासी दलों के रहनुमाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करते हुए एक दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी और वातावरण में सामाजिक समरसता के साथ सम्प्रदायिक सौहार्द्र का मिठास पेश किया।
मौके पर पूर्व विधायक जाकिर हुसैन खान,कांग्रेस जिलाध्यक्ष शाद अहमद,वाहिद अंसारी,इजहार अंसारी,मुमताज अंसारी आदि ने बताया कि यह दिन अल्लाह की तरफ से एक खास इनाम होता है। पूरे महीने सब्र, इबादत और खुदा की बंदगी करने के बाद ये खुशी का दिन नसीब होता है। यही वजह है कि लोग इसे बहुत प्यार और इज्जत के साथ मनाते हैं।उन्होंने कहा कि ईद का असली पैगाम मोहब्बत फैलाना है। सिर्फ अपने लिए खुश होना नहीं, बल्कि उन लोगों को भी खुशी देना है जो किसी वजह से खुशी नहीं मना पाते, जैसे गरीब लोग या जरूरतमंद लोग। उनकी मदद करना, उनके साथ बैठना, उन्हें भी अपने साथ शामिल करना यही असली ईद है।
उन्होंने कहा कि हम सबको मिलजुल कर रहना चाहिए और समाज में प्यार और भाईचारा बढ़ाना चाहिए।
मौके पर जेडीयू जिलाध्यक्ष पवन मिश्रा,जदयू प्रदेश सचिव रमेश सिंह,राजद जिलाध्यक्ष अविनाश आनंद,राजद व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रधान महासचिव इंजीनियर आयुष अग्रवाल,जिलाध्यक्ष अमित पूर्वे,कांग्रेस नेता मनोज जायसवाल,शेखर गुप्ता,शाहजहां शाद,भाजपा नेता आदर्श गोयल,भोला शंकर तिवारी,शंकर प्रसाद साह,रजनीकांत मिश्रा,अनवर राज उर्फ बबलू अनवर,संजय शर्मा,राजा अली,प्रो.क्रांति कुंवर,अरुण यादव,राशिद जुनैद समेत बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी।
ईद को लेके कर्बला मैदान में उमड़ने वाले भीड़ को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।फारबिसगंज एसडीएम अभय कुमार तिवारी,एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा,थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह,बीडीओ सीओ समेत अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने में लगे रहे।भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जुम्मन चौक से लेकर रामपुर चौक तक पुलिस बलों की तैनाती रही,जो यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने में लगे रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

