सुपौल में सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाई गई बकरीद,अमन चैन की मांगी गई दुआ

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाई गई बकरीद,अमन चैन की मांगी गई दुआ


सुपौल में सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाई गई बकरीद,अमन चैन की मांगी गई दुआ


सुपौल, 28 मई (हि.स.)। जिले के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में गुरुवार सुबह बकरीद का पर्व धार्मिक उल्लास और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोग नए कपड़े पहनकर ईदगाहों में जुटने लगे, जहां तय समय पर ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई।

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी और देश-दुनिया में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी।जिला मुख्यालय स्थित बड़ी ईदगाह समेत विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में नमाजियों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की। इस दौरान त्योहार को लेकर उत्साह का माहौल बना रहा।

लोगों ने कुर्बानी और इंसानियत के संदेश को अपनाने की अपील भी की।बकरीद के मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन भी बड़ी ईदगाह पहुंचे। उन्होंने नमाज अदा कर प्रदेश और देश में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की दुआ मांगी। नमाज के बाद उन्होंने लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व त्याग, कुर्बानी और मानवता का संदेश देता है। वहीं कांग्रेस नेता मिन्नत रहमानी ने भी लोगों के बीच पहुंचकर मुबारकबाद दी और अमन-चैन की दुआ की।

त्योहार को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस के नेतृत्व में जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जबकि विभिन्न ईदगाहों और प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी लगातार निगरानी करते दिखे।

शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रशासनिक अधिकारियों ने भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। पूरे जिले में बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story