रिमझिम बारिश के बीच मनी ईद, नाथनगर में अदा हुई ईद की नमाज़

WhatsApp Channel Join Now
रिमझिम बारिश के बीच मनी ईद, नाथनगर में अदा हुई ईद की नमाज़


रिमझिम बारिश के बीच मनी ईद, नाथनगर में अदा हुई ईद की नमाज़


भागलपुर, 21 मार्च (हि.स.)। जिले में रिमझिम बारिश के बीच आस्था और भाईचारे की खूबसूरत तस्वीर शनिवार को ईद-उल-फितर के मौके पर नाथनगर से सामने आई। जहां कर्णगढ़ ईदगाह मैदान में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज़ अदा की। सुबह करीब 8 बजे, हल्की बूंदाबांदी के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। नाथनगर के कर्णगढ़ ईदगाह मैदान में दूर-दराज़ से आए अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ी। सभी ने एक साथ नमाज़ अदा कर मुल्क में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी। बारिश की फुहारों के बीच भी इबादत का जज़्बा देखने लायक था। वहीं सुरक्षा के लिहाज़ से प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। ईदगाह मैदान के आसपास चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। नाथनगर के मुस्लिम बहुल इलाकों में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। खास बात यह रही कि वर्दी के साथ-साथ सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी लगातार इलाके में भ्रमण करते रहे। जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। भागलपुर जिला के वरीय पुलिस अधिकारी खुद मैदान और आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। ईद के मौके पर पूरे इलाके में खुशियों का माहौल रहा। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। कुल मिलाकर, हल्की बारिश के बीच नाथनगर में ईद का त्योहार पूरी आस्था, उत्साह और शांति के साथ मनाया गया, जिसने एक बार फिर सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश की। उधर सुबह होते ही शहर के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज़ अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। नमाज़ के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। शहर के प्रमुख स्थलों जैसे शाह मार्केट मस्जिद, ततारपुर मस्जिद, मौलानाचक मस्जिद, बरहपुरा मस्जिद, बरारी, खंजरपुर सहित शहर विभिन्न मस्जिदों में भी ईद की नमाज़ शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर सेवइयां और मिठाइयों का आनंद लिया तथा खुशियां साझा कीं। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर सभी समुदाय के लोगों ने एकजुटता और प्रेम का परिचय देते हुए देश में अमन-चैन की दुआ मांगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story