कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने असम के मुख्यमंत्री का पुतला फूंका

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिश्वा शर्मा द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विरुद्ध इस्तेमाल की गई अभद्र एवं अमर्यादित भाषा के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा जोरदार प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमिटी के पूर्व उपाध्यक्ष मुज्जफर अहमद ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि खड़गे जी देश के एक वरिष्ठ,अनुभवी एवं सम्मानित दलित नेता हैं। उनका राजनीतिक जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण का प्रतीक रहा है। उनके प्रति इस तरह की आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग न केवल व्यक्तिगत अपमान है, बल्कि यह देश के एस एसटी समाज के करोड़ों लोगों की भावनाओं को भी आहत करता है।

जिला कांग्रेस कमिटी ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस प्रकार की घटिया राजनीति और अमर्यादित बयानबाजी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेसजनों ने केंद्र और राज्य सरकारों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोहराई जाती हैं, तो कांग्रेस पार्टी और भी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हाज़ी मोनजीर, सियाराम दास, भागलपुर जिला प्रभारी राहुल सिंह चौहान, प्रदेश प्रतिनिधि संजय राणा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अमित आनंद, इंटक जिला अध्यक्ष रवि कुमार,राजेश रंजन, गौरव जैन, दीपक बाजोरिया, प्रवीण कुमार सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story