चक्रवात 'अकवान' का असर: भागलपुर में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, बढ़ी कनकनी

WhatsApp Channel Join Now
चक्रवात 'अकवान' का असर: भागलपुर में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, बढ़ी कनकनी


चक्रवात 'अकवान' का असर: भागलपुर में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, बढ़ी कनकनी


भागलपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'अकवान' का सीधा असर अब भागलपुर समेत पूरे अंग और पूर्वी बिहार के जिलों में दिखने लगा है। शनिवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहने और पुरवा हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे जिले में ठंड और कनकनी बढ़ गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग और पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 21 और 22 नवंबर के लिए भागलपुर में येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक के साथ बारिश और एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी दी है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से जिले में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की भी प्रबल आशंका जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 23 नवंबर से आसमान साफ होने की उम्मीद है, जिसके बाद न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आएगी और कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो जाएगा। बेमौसम बारिश और तेज हवा के अलर्ट ने जिले के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। वर्तमान में खेतों में धान की फसल पककर तैयार है और कई इलाकों में कटाई का काम चल रहा है। ऐसे में भारी बारिश या तेज हवा चलने से खड़ी फसल के गिरने और खलिहान में रखी कटी हुई फसल के भीगकर बर्बाद होने का खतरा मंडरा रहा है।

मौसम विभाग और कृषि विशेषज्ञों ने किसानों के लिए विशेष सलाह जारी करते हुए कहा है कि वे कटी हुई फसलों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर भंडारित कर लें या तिरपाल से अच्छी तरह ढक दें। साथ ही, खेतों में सिंचाई और कीटनाशक के छिड़काव को फिलहाल स्थगित रखने की अपील की गई है। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि खराब मौसम और वज्रपात की स्थिति में पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780801 Articles

Share this story