शिक्षक संगठन की मजबूती से ही समस्याओं का होगा समाधान : सुमन कुमार

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षक संगठन की मजबूती से ही समस्याओं का होगा समाधान : सुमन कुमार


सुपौल, 11 अक्टूबर (हि.स.)। स्थानीय नितमाया वेंकेट रिसॉर्ट में बिहार विद्यालय अध्यापक महासंघ, सुपौल की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। इसमें सुपौल, किशनपुर और पिपरा प्रखंड के सैकड़ों शिक्षक शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुमन कुमार ने की। इस दौरान जिले के विभिन्न पदाधिकारियों ने शिक्षकों की समस्याओं, संगठन की मजबूती और उनके अधिकारों को लेकर अपने विचार रखे। साथ ही तीन प्रखंडों की कमेटियों का गठन कर नए प्रखंड अध्यक्षों को मनोनीत किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सुमन कुमार ने कहा कि शिक्षक ही समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक समाज और राष्ट्र की धरोहर हैं। उनके योगदान से ही देश की भावी पीढ़ी तैयार होती है। ऐसे में शिक्षकों की समस्याओं का समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन को मजबूत बनाना होगा। जब सभी शिक्षक एकजुट होकर अपनी आवाज उठाएंगे, तभी अधिकारी उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनेंगे और उनका समाधान करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएंगे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव इन्द्र नयन कुमार ने कहा कि संगठन की मजबूती शिक्षकों की एकजुटता पर निर्भर करती है। सभी शिक्षकों को संगठन से जोड़ना आवश्यक है। जब शिक्षक संगठित रहेंगे, तभी उनकी सामूहिक समस्याओं को मजबूती से संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जा सकेगा। उन्होंने शिक्षकों से संगठन के विस्तार और उसकी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

जिला महासचिव अंबेडकर कुमार ने कहा कि शिक्षक समाज को संगठित होने की जरूरत है। आपसी एकजुटता के अभाव में शिक्षक कमजोर पड़ जाते हैं, जिसका असर उनके अधिकारों और सुविधाओं पर भी पड़ता है। उन्होंने सातवें वेतनमान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शिक्षकों को अब तक इसका लाभ नहीं मिल पाया है, जबकि उनके अनुसार अन्य विभागों में यह लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने इस विषय पर शिक्षकों को एकजुट होकर आवाज उठाने की आवश्यकता बताई।

बैठक के दौरान संगठन को प्रखंड स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से सुपौल सदर, किशनपुर और पिपरा प्रखंड की कमेटियों का गठन किया गया। इसमें सुपौल सदर प्रखंड के अध्यक्ष पद पर मनोरंजन कृष्ण, किशनपुर प्रखंड के अध्यक्ष पद पर इंद्रजीत कुमार तथा पिपरा प्रखंड के अध्यक्ष पद पर चंदन जी को मनोनीत किया गया। नए प्रखंड अध्यक्षों के मनोनयन को संगठन के विस्तार और शिक्षकों को एक मंच पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

बैठक में संगठन के विस्तार, शिक्षकों की समस्याओं को सामूहिक रूप से उठाने और प्रखंड स्तर पर कमेटियों को सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story