सरकारी स्कूलों के बच्चों को निजी विद्यालयों से आगे ले जाने का होगा प्रयास : शिक्षा मंत्री

WhatsApp Channel Join Now
सरकारी स्कूलों के बच्चों को निजी विद्यालयों से आगे ले जाने का होगा प्रयास : शिक्षा मंत्री


सीवान, 22 नवंबर (हि.स.)। महाराजगंज शहर स्थित गोरख सिंह महाविद्यालय में रविवार को रूटकेयर फाउंडेशन स्कॉलरशिप टेस्ट 2026 का पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सफल छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है, ताकि वहां पढ़ने वाले बच्चे निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों से आगे निकल सकें। शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शिक्षा के प्रति काफी संवेदनशील हैं। शिक्षा से संबंधित कोई भी प्रस्ताव उनके समक्ष रखा जाता है तो वे उसे तत्काल स्वीकृति देते हैं।

उन्होंने रूटकेयर फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. मंजेश पाण्डेय की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह की पहल समाज के लिए सराहनीय है। सरकार ने 700 सरस्वती विद्या निकेतन स्थापित करने का निर्णय लिया है, जहां बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास होगा। इसके साथ ही सभी विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य की गई है। शिक्षकों की सुविधाओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उनका स्थानांतरण भी किया जा रहा है। उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि पढ़ेगी बेटियां, बढ़ेगी बेटियां। आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्हें बेहतर अवसर और प्रोत्साहन देकर आगे बढ़ाना जरूरी है।

शांति नेत्रालय के निदेशक शैलेश त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के नेतृत्व में बिहार शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन और मेहनत को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी। समारोह में शिक्षा मंत्री ने विभिन्न सरकारी विद्यालयों के दर्जनों मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ फाउंडेशन के सदस्यों को मेमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं शांति नेत्रालय के निदेशक शैलेश त्रिपाठी ने शिक्षा मंत्री को मेमेंटो और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मंजेश पाण्डेय ने की, जबकि संचालन प्रधानाध्यापक अमरेंद्र कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर गोरख सिंह महाविद्यालय के निदेशक प्रो. अभय कुमार सिंह, डॉ. वीणा सिंह, शैलेश त्रिपाठी, चंदन दुबे, सुप्रिया जायसवाल, डॉ. सोनिया चौहान, कादिर खान, प्रो. मुरारी पाण्डेय, झाम बाबा सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781454 Articles

Share this story