छपरा में स्काउट और गाइड के एकता शिविर का कल शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी करेंगे उद्घाटन
सारण, 14 जून (हि.स.)। भारत स्काउट और गाइड सारण के तत्वावधान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय एकता शिविर 2026 की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शिविर के पूर्व संध्या पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई।
इस भव्य आयोजन का विधिवत उद्घाटन बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी करेंगे, जबकि समापन समारोह के मुख्य अतिथि कला संस्कृति मंत्री होंगे। शिविर के दौरान प्रत्येक दिन चार विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिसमें युवाओं को राष्ट्र निर्माण और जीवन रक्षक कौशलों से जोड़ा जाएगा। इसके तहत आपदा प्रबंधन, अग्निशामक प्रशिक्षण, साइबर सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और यूथ फोरम के तहत वैचारिक चर्चाएं होंगी। इसके अतिरिक्त रंगोली, मेहंदी, पेंटिंग प्रतियोगिता और हर शाम कैंप फायर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।
इस शिविर में महाराजगंज के सांसद, छपरा एवं माझी के विधायक समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। साथ ही, युवाओं का मार्गदर्शन करने के लिए जिला अधिकारी सारण, उप विकास आयुक्त सारण और डिस्ट्रिक्ट जज समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत स्काउट और गाइड सारण के उपाध्यक्ष सह सीपीएस ग्रुप के चेयरमैन डॉ० हरेंद्र सिंह, जिला संगठन आयुक्त स्काउट अमन राज, जिला प्रशिक्षक प्रणव, आशुतोष, सोनू, हार्दिक और मोहित मुख्य रूप से उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

