आपदा में भी नहीं टूटेगा पढ़ाई का सिलसिला: भागलपुर के राहत शिविर में खुला अस्थायी स्कूल

WhatsApp Channel Join Now
आपदा में भी नहीं टूटेगा पढ़ाई का सिलसिला: भागलपुर के राहत शिविर में खुला अस्थायी स्कूल


भागलपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। जिले में गंगा और सहायक नदियों के उफान से कई प्रखंड इन दिनों भीषण बाढ़ की चपेट में हैं। चारों तरफ फैले बाढ़ के पानी की वजह से बड़ी संख्या में लोग अपना घर छोड़कर राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं। इस विनाशकारी आपदा के बीच बच्चों का भविष्य प्रभावित न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने एक बेहद सराहनीय और संवेदनशील पहल की है।

जिला अधिकारी के निर्देश पर राहत शिविरों में बच्चों के लिए 'अस्थायी विद्यालय' की शुरुआत की गई है। भागलपुर के पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित राहत शिविर में एक अनूठी तस्वीर देखने को मिल रही है। शिविर के भीतर बने इस अस्थायी स्कूल को बिल्कुल सामान्य विद्यालय की तरह ही व्यवस्थित किया गया है। यहां बच्चों के बैठने के लिए बेंच-डेस्क लगाए गए हैं और पढ़ाई के लिए बकायदा ब्लैक बोर्ड का इंतजाम किया गया है। नियुक्त शिक्षक और शिक्षिकाएं नियमित रूप से बच्चों की कक्षाएं ले रहे हैं। यहाँ केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों और मनोरंजन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बाढ़ के कारण अपने घरों और मूल स्कूलों से दूर हो चुके इन नौनिहालों के लिए यह अस्थायी पाठशाला एक नई उम्मीद बनकर उभरी है। जहां कुछ दिन पहले तक इन बच्चों के मन में बाढ़ की विभीषिका का डर था, वहीं अब वे सुबह होते ही हाथ में कॉपी-किताब लेकर स्कूल के माहौल में रम जाते हैं। प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि आपदा की इस विकट घड़ी में भी बच्चों की शिक्षा का क्रम किसी भी कीमत पर बाधित न हो। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की है और इसे संकट के समय में बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रखने का एक बेहतरीन प्रयास बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story