ईद व रामनवमी पर सतर्कता बरतने का डीएम ने दिया निर्देश
बक्सर, 18 मार्च (हि.स.)। जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी सदस्यों, पदाधिकारियों तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े प्रखंड स्तरीय अधिकारियों का स्वागत किया गया और मार्च माह में होने वाले प्रमुख त्योहारों की जानकारी दी गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने ईद व रामनवमी पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि 20 एवं 21 मार्च को ईद-उल-फितर, 24 एवं 25 मार्च को चैती छठ तथा 27 मार्च को रामनवमी मनाई जाएगी। साथ ही वर्तमान में रमजान माह चलने के कारण मस्जिदों में नमाज हेतु भीड़ को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
ईद के अवसर पर ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई, पानी एवं रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। चैती छठ को लेकर गंगा घाटों की सफाई, रोशनी, व्रतियों की सुविधा एवं सुरक्षा हेतु गोताखोरों की तैनाती के निर्देश दिए गए, साथ ही सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने को कहा गया।
रामनवमी पर जुलूस के लिए लाइसेंस अनिवार्य किया गया है तथा निर्धारित मार्गों पर ही जुलूस निकालने की अनुमति होगी। भड़काऊ नारे, गीत और डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन द्वारा सभी प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती कर विधि-व्यवस्था बनाए रखने की बात कही गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा

