भदौनी के पूर्व मुखिया प्रिंस तमन्ना की मौत, नवादा में शोक की लहर

WhatsApp Channel Join Now
भदौनी के पूर्व मुखिया प्रिंस तमन्ना की मौत, नवादा में शोक की लहर


नवादा, 28 अगस्त (हि.स.)। जिले के भदौनी ग्राम पंचायत के पूर्व मुखिया तथा राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रहे समाजसेवी प्रिंस तमन्ना का शुक्रवार को कोलकाता में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही नवादा जिले में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रिंस तमन्ना के गहरे मित्र अनिल प्रसाद सिंह ने बताया कि वे कैंसर से पीड़ित थे और पिछले कुछ समय से उनका इलाज मुंबई तथा कोलकाता के अस्पतालों में चल रहा था। इसी दौरान शुक्रवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिजनों, समर्थकों, मित्रों और शुभचिंतकों में शोक व्याप्त है।

प्रिंस तमन्ना सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते थे। पंचायत स्तर पर लोगों से उनका गहरा जुड़ाव था और वे जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके निधन को जिले के सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।

उनके निधन पर पूर्व राज्य मंत्री राजबल्लव प्रसाद यादव, नवादा विधायक विभा देवी, अनिल प्रसाद सिंह, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिल मेहता, पूर्व विधान पार्षद राष्ट्रीय जनता दल के कादावर नेता सलमान रागिब मुन्ना समेत कई राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त की। नेताओं ने कहा कि प्रिंस तमन्ना के निधन से समाज ने एक सक्रिय और मिलनसार व्यक्ति को खो दिया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story