भामाशाह सम्मान समारोह में गूंजा राष्ट्रभक्ति, त्याग और स्वाभिमान का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
भामाशाह सम्मान समारोह में गूंजा राष्ट्रभक्ति, त्याग और स्वाभिमान का संदेश


सीवान, 29 अप्रैल (हि.स.)। सीवान शहर स्थित पूर्व सांसद स्व. उमाशंकर सिंह के आवास परिसर में महान दानवीर भामाशाह के सम्मान में आयोजित विशेष कार्यक्रम श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में भाजपा नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने भामाशाह के अद्वितीय त्याग, पराक्रम और राष्ट्ररक्षा में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके जीवन को भारतीय इतिहास की अमर प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि भामाशाह केवल दानवीर ही नहीं थे, बल्कि महाराणा प्रताप के सबसे विश्वसनीय सहयोगी, मित्र और सलाहकार थे, जिन्होंने मेवाड़ के स्वतंत्रता संग्राम को मजबूती प्रदान की।

भाजपा नेता जितेंद्र स्वामी ने कहा कि भामाशाह और महाराणा प्रताप का संबंध राष्ट्रधर्म और स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित दो महान आत्माओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब महाराणा प्रताप कठिन संघर्षों से गुजर रहे थे, तब भामाशाह ने अपना सर्वस्व अर्पित कर सेना और स्वतंत्रता संग्राम को नई ऊर्जा दी। वहीं, पूर्व सांसद ओमप्रकाश यादव ने कहा कि भामाशाह का जीवन त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की ऐसी मिसाल है, जो आज भी हर भारतीय को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुकेश कुमार बंटी ने कहा कि भामाशाह का आदर्श जीवन समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम में विश्वकर्मा चौहान, रुपेश सोनी, अनुराधा गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, सुग्रीव सोनी, रजनीकांत सेठ, रैशन कुमार, संजय प्रसाद, पप्पू प्रसाद जायसवाल, संजीव गुप्ता, डॉ. राजा प्रसाद, गुड्डू सोनी, मुन्ना शर्मा, बादल ब्याहुत, रवि चौरसिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अंत में सभी उपस्थित लोगों ने भामाशाह के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता और समाजहित में निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story