मायागंज अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तीसरे दिन भी ईसीजी जांच ठप, मरीज बेहाल

WhatsApp Channel Join Now
मायागंज अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तीसरे दिन भी ईसीजी जांच ठप, मरीज बेहाल


भागलपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल यानी मायागंज अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर पटरी से उतरती दिख रही है। अस्पताल के फैब्रिकेटेड परिसर में संचालित इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड में गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी ईसीजी जांच सेवा पूरी तरह बाधित रही।

इस महत्वपूर्ण जीवन रक्षक जांच के बंद होने से यहां आने वाले गंभीर मरीजों की जान आफत में फंसी हुई है। जानकारी के अनुसार, इमरजेंसी वार्ड की ईसीजी मशीन बीते मंगलवार को अचानक तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गई थी। तीन दिन बीत जाने के बाद भी अस्पताल प्रबंधन द्वारा अब तक नई मशीन की व्यवस्था नहीं की जा सकी है और न ही पुरानी मशीन को ठीक कराया जा सका है। आपातकालीन वार्ड जैसी संवेदनशील जगह पर बैकअप मशीन का न होना प्रबंधन की घोर लापरवाही को उजागर करता है। उल्लेखनीय है कि मायागंज अस्पताल के इस वार्ड में रोजाना दिल की बीमारी, सीने में दर्द और सांस फूलने जैसी गंभीर समस्याओं से पीड़ित करीब 20 से 25 मरीज आते हैं।

डॉक्टरों को इलाज शुरू करने के लिए तुरंत ईसीजी रिपोर्ट की आवश्यकता होती है। सरकारी अस्पताल में सुविधा न मिलने के कारण लाचार तीमारदारों को रात-बिरात अपने मरीजों को लेकर बाहर भागना पड़ रहा है और निजी जांच केंद्रों पर मनमानी कीमत देकर ईसीजी करानी पड़ रही है। इससे गरीब मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। इमरजेंसी वार्ड के स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि मशीन की खराबी के संबंध में वरीय अधिकारियों और अस्पताल अधीक्षक को लिखित रूप से सूचित कर दिया गया है। वहीं अस्पताल प्रशासन का दावा है कि नई मशीन की उपलब्धता के लिए प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही इस तकनीकी समस्या को दूर कर ईसीजी सेवा को सुचारू रूप से बहाल कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story