चुनाव आयोग की कार्रवाई असंवैधानिक, ज्ञानेश कुमार का आचरण लोकतंत्र पर आघात: अजीत शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
चुनाव आयोग की कार्रवाई असंवैधानिक, ज्ञानेश कुमार का आचरण लोकतंत्र पर आघात: अजीत शर्मा


भागलपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। भागलपुर के पूर्व विधायक एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सदस्य अजीत शर्मा ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त पर तीखा हमला बोला है। जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय की कल की कार्रवाई और तीखी टिप्पणियों से यह पूरी तरह साबित हो गया है कि चुनाव आयोग द्वारा की गई एसआईआर की पूरी प्रक्रिया असंवैधानिक है। यह जनता को संविधान द्वारा दिए गए मौलिक अधिकारों का खुला हनन है।

पूर्व विधायक शर्मा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के रवैये पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि उनका आचरण लोकतंत्र की आत्मा पर गहरा आघात है, जिसे देश की जनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि हमारे शीर्ष नेता राहुल गांधी जी ने ज्ञानेश कुमार के त्यागपत्र या उन्हें पदच्युत (पद से हटाने) करने की मांग को लेकर जिस देशव्यापी जनआंदोलन का आह्वान किया है, उसे जनता की अदालत तक पहुंचाना हर कांग्रेस कार्यकर्ता का परम कर्तव्य है।

अजीत शर्मा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक इस आंदोलन से सक्रिय रूप से जुड़ने का पुरजोर आह्वान किया है।

उन्होंने कहा कि भागलपुर सहित पूरे बिहार में इस आंदोलन को धार देने और इसे गति प्रदान करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी, ताकि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story