भूकंप परिदृश्य पर कटिहार में मॉक अभ्यास आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
भूकंप परिदृश्य पर कटिहार में मॉक अभ्यास आयोजित


कटिहार, 26 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के सहयोग से कटिहार में भूकंप परिदृश्य पर मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। इस अभ्यास में शहर के विभिन्न स्थलों पर भूकंप के झटके महसूस होने के सिमुलेशन के साथ ही बचाव और राहत कार्य का प्रदर्शन किया गया।

अभ्यास के दौरान राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा मित्र के स्वयंसेवक, अग्निशमन दल तथा चिकित्सा टीम ने सक्रिय रूप से भाग लिया। अभ्यास में बचाव कार्य, निकासी (एवाक्यूएशन), प्राथमिक उपचार एवं अग्नि सुरक्षा उपायों का प्रदर्शन किया गया।

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने अभ्यास के दौरान सिमुलेशन स्थलो, राहत शिविरो, चिकित्सा शिविरों तथा कमांड एवं कंट्रोल कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने अभ्यास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभ्यास से आपदा के समय में लोगों को बचाने में मदद मिलती है।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) कुमार धनंजय, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कमाडेट-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी रीतिका भारती, अंचल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कटिहार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story