26 फरवरी को भूकंप मॉक ड्रिल, जिला समन्वय समिति की बैठक में तैयारी की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
26 फरवरी को भूकंप मॉक ड्रिल, जिला समन्वय समिति की बैठक में तैयारी की समीक्षा


कटिहार, 23 फरवरी (हि.स.)। कटिहार जिले में 26 फरवरी को सुबह 8:20 बजे भूकंप मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिला समन्वय समिति की बैठक एनआईसी सभागार कक्ष में आयोजित की गई, जिसमें अपर समाहर्ता, कटिहार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ तैयारी की समीक्षा की।

बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं हेतु भूमि उपलब्धता, प्रधानमंत्री किसान रजिस्ट्री, और जनता दरबार के रिपोर्ट वेबसाइट पर अपलोड करने पर चर्चा की गई। अपर समाहर्ता ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे विकास कार्यों हेतु भूमि उपलब्ध कराने और अतिक्रमण वाले भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।

उन्होंने कहा कि जिले में भूकंप जैसी आपदाओं से निपटने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय बढ़ाने और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 26 फरवरी को होने वाले भूकंप मॉक ड्रिल में सभी विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आपदा के समय में प्रभावी ढंग से काम किया जा सके।

बैठक में शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, युवा, खेल, परिवहन, मद्य निषेध, नगर निगम, श्रम संसाधन, पथ निर्माण प्रमंडल, ग्रामीण पथ प्रमंडल, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल सहित अन्य सभी संबंधित विभागों की गतिविधियों और योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त और जिला स्तरीय समन्वय समिति के सभी पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story