इलाज के दौरान बच्ची की मौत, परिजन ने लगाया लापरवाही का आरोप
सुपौल, 19 सितंबर (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के फिंगलास पंचायत अंतर्गत परसरमा वार्ड नंबर 7 स्थित चिल्ड्रेन हेल्थ केयर में इलाज के दौरान शनिवार को एक वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद परिजन ने चिकित्सक और अस्पताल कर्मियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की। घटना की सूचना पर राघोपुर पुलिस, अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया तथा रेफरल अस्पताल राघोपुर के चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मृत बच्ची गम्हरिया थाना क्षेत्र के हरदी चौघरा निवासी प्रेमरंजन मेहता की एक वर्षीय पुत्री अन्नू कुमारी है। बताया गया कि बच्ची अपनी मां के मायके प्रतापगंज थाना क्षेत्र के सुखानगर वार्ड नंबर 2 स्थित नाना अर्जुन मेहता के घर रह रही थी। बच्ची के नाना अर्जुन मेहता ने बताया कि शुक्रवार को बच्ची के पेट में दर्द और तबीयत खराब होने के बाद उसे चिल्ड्रेन हेल्थ केयर में भर्ती कराया गया था। वहां डॉ. आरएन रमन के यहां बच्ची का इलाज शुरू हुआ।
नाना के अनुसार, शनिवार सुबह करीब आठ बजे डॉक्टर ने बच्ची को देखा और उसके ठीक होने की बात कही। इसके बाद डॉक्टर वहां से चले गए और बच्ची का इलाज कंपाउंडर द्वारा किया जा रहा था। परिजन का आरोप है कि इसी दौरान कंपाउंडर ने बच्ची को बिजली का भाप दिया। इसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और शनिवार दोपहर करीब दो बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश और मायूसी का माहौल है।
नाना ने सवाल उठाया कि यदि बच्ची की हालत गंभीर थी अथवा वहां उसका समुचित इलाज संभव नहीं था, तो इसकी जानकारी परिजनों को पहले क्यों नहीं दी गई। उनका कहना है कि समय रहते जानकारी मिलने पर वे बच्ची को किसी दूसरे अस्पताल में ले जाकर इलाज कराने का प्रयास करते।
सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, राघोपुर थाना पुलिस तथा रेफरल अस्पताल की चिकित्सकीय टीम मौके पर पहुंची। टीम ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। फिलहाल बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

