दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था पर हुई चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था पर हुई चर्चा


सुपौल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को भीमनगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने की। इसमें वीरपुर एसडीपीओ पवन कुमार, भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार सहित थाना क्षेत्र की विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए।

बैठक में पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था और प्रशासनिक निर्देशों के पालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एसडीएम विनय कुमार ने सभी पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। सड़क पर पूजा का आयोजन नहीं किया जाए, ताकि आम लोगों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने के लिए रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर बजाने पर रोक का पालन करने को कहा गया। साथ ही सभी पूजा समितियों को आयोजन से संबंधित आवश्यक लाइसेंस लेना अनिवार्य बताया गया।

अधिकारियों ने कहा कि पूजा समितियों की जिम्मेदारी है कि वे प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें और आयोजन के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखें। नियमों की अनदेखी नहीं करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में प्रशासन को सहयोग देने की अपील की गई।

भीमनगर थाना क्षेत्र में इस बार सात स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इनमें महावीर चौक भीमनगर, नया बाजार भीमनगर, कोसी कॉलोनी भीमनगर, शिव दुर्गा मंदिर भीमनगर, भीमनगर कटैया दुर्गा मंदिर, कटैया 22 आरडी दुर्गा मंदिर और कटैया 07 आरडी दुर्गा मंदिर शामिल हैं।

बैठक में भीमनगर के सरपंच दुर्गानंद सिंह, सौरभ कुमार बिट्टू, बिट्टू सिंह, पप्पू गुप्ता, बिपिन यादव, इंद्र नारायण शर्मा, वीरेंद्र गुप्ता, गौरव लाल दास, रिपुंजय झा, जितेंद्र यादव, राकेश गुप्ता, विनय गुप्ता, मुकेश सिंह, छोटू सिंह और अजय गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story