दुर्गा पूजा को भव्य बनाने पर बनी सहमति, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन से अनुरोध
सुपौल, 26 सितंबर (हि.स.)। जिले के छातापुर मुख्यालय बाजार स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर परिसर में दुर्गा पूजा समिति की बैठक आयोजित की गई। पूर्व जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी साह की अध्यक्षता में हुई बैठक में आगामी दस दिवसीय नवरात्र पूजा को हर्षोल्लास के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। साथ ही इस वर्ष आयोजन को पिछले वर्ष की तुलना में और अधिक भव्य एवं आकर्षक रूप देने पर सहमति बनी।
बैठक में पूजा समिति के अध्यक्ष गौरीशंकर भगत, सचिव नागेश्वर मंगरदैता, उपाध्यक्ष सह कोषाध्यक्ष राहुल उर्फ गुड्डू भगत सहित समिति के सदस्य, मुख्यालय के गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन एवं युवावर्ग शामिल हुए। इस दौरान समिति की ओर से पिछले वर्ष तक के आय-व्यय का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के अनुसार दुर्गा मंदिर का रंग-रोगन कराने, आकर्षक सजावट करने तथा भव्य पंडाल निर्माण कराने का निर्णय लिया गया। मुख्य सड़क से बस पड़ाव तक तथा मंदिर परिसर से जुड़ी सभी सड़कों पर रोड लाइट एवं साउंड की व्यवस्था करने के साथ शिवालय सह महावीर मंदिर की भी आकर्षक सजावट कराने पर सहमति बनी। अष्टमी एवं नवमी की रात मंदिर प्रांगण में ही मैया जागरण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मंदिर परिसर की व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी लिए गए। मंदिर परिसर के 200 मीटर की परिधि में संचालित मांस एवं अंडे की दुकानों को हटाने, मंदिर के सामने यात्री शेड तक के अतिक्रमण को खाली कराने तथा पूजा आयोजन के दौरान दस दिनों तक पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस से अनुरोध करने का निर्णय लिया गया।
आयोजन के दौरान प्रतिदिन नियमित साफ-सफाई के लिए सफाई कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने तथा मंदिर के समीप स्थापित ट्रांसफार्मर को अन्यत्र स्थानांतरित कराने का प्रस्ताव भी रखा गया। पूजा के दौरान शराब एवं सूखे नशे का सेवन करने वाले लोगों पर कार्रवाई के लिए ब्रेथ एनालाइजर मशीन के साथ पुलिस पदाधिकारी की अलग से प्रतिनियुक्ति करने का भी अनुरोध प्रशासन से किया जाएगा।
विजयादशमी के दिन प्रतिमा विसर्जन के दौरान कुछ घंटे के लिए मुख्य सड़क पर वाहनों के परिचालन का मार्ग परिवर्तित करने का प्रस्ताव भी बैठक में लिया गया, ताकि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
इसके अलावा मंदिर के गर्भगृह एवं प्रांगण के स्ट्रक्चर में आवश्यक मामूली बदलाव कर उसे अधिक सुविधाजनक बनाने, सीसीटीवी कैमरे एवं विद्युत वायरिंग सहित अन्य उपकरणों को दुरुस्त कराने पर भी सहमति बनी। आयोजन को सफल बनाने एवं तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए दो अक्टूबर, शुक्रवार को समिति की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

