दुर्गा पूजा: पंडालों में सीसीटीवी व फायर सेफ्टी अनिवार्य, तैनात रहेगी महिला पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
दुर्गा पूजा: पंडालों में सीसीटीवी व फायर सेफ्टी अनिवार्य, तैनात रहेगी महिला पुलिस


कटिहार, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को विकास भवन में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार की उपस्थिति में संपन्न इस बैठक में स्पष्ट किया गया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा और सभी पूजा समितियों के लिए प्रशासनिक लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका प्रस्तुत करते हुए बताया कि पर्व के दौरान जिले भर में पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यकतानुसार 'वन-वे' यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। उन्होंने आयोजकों को बड़े पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश व निकास द्वार बनाने, अग्निशमन के मद्देनजर बालू व पानी से भरे ड्रम की व्यवस्था रखने तथा स्वयंसेवकों को पहचान-पत्र के साथ तैनात करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से तैयारियां समय पर पूरी करने का आदेश दिया। उन्होंने नगर निगम को पूजा पंडालों और मुख्य मार्गों पर चूना-ब्लीचिंग छिड़काव तथा रात्रि में कचरा उठाव सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, बिजली विभाग को जर्जर व ढीले तारों को तुरंत ठीक करने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

डीएम ने समितियों से अपील की कि पंडालों के पास मुख्य मार्गों पर ठेले-खोमचे न लगने दें, ताकि एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों की आवाजाही बाधित न हो। इसके अलावा आवागमन को सुगम रखने के लिए तोरण द्वारों पर चिमकी लाइट कम से कम 16 फीट की ऊंचाई पर लगाने को कहा गया।

इससे पूर्व शांति समिति और पूजा समितियों के सदस्यों ने सड़कों की मरम्मत, पोखर व विसर्जन घाटों पर प्रकाश और बैरिकेडिंग दुरुस्त कराने से जुड़े सुझाव रखे, जिस पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर), यातायात पुलिस उपाधीक्षक सहित सभी विभागों के अधिकारी एवं थानाध्यक्ष उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story