भागलपुर में आस्था और भव्यता का अनूठा संगम: कहीं 'जगन्नाथ मंदिर' की छटा तो कहीं 'यमलोक' का रोमांच

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर में आस्था और भव्यता का अनूठा संगम: कहीं 'जगन्नाथ मंदिर' की छटा तो कहीं 'यमलोक' का रोमांच


भागलपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)।

शहर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर इस बार पूजा पंडालों में अद्भुत कलाकारी और विविध थीम का नजारा देखने को मिल रहा है। मां दुर्गा के दर्शन के लिए उमड़ने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मुख्य पूजा समितियां पूरी तरह तैयार हैं।

सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इन प्रमुख और संवेदनशील पंडालों पर पुलिस बल मुस्तैद है। मारवाड़ी पाठशाला ओडिशा के प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ पुरी मंदिर की तर्ज पर 110 फीट ऊंचा भव्य और दिव्य पंडाल बनाया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र है। छोटी खंजरपुर (एसएम कॉलेज रोड) में पारंपरिक रूप से अलग यहां 'भूतिया संसार और यमलोक' की थीम पर डरावना व रोमांचक पंडाल तैयार किया गया है।

श्रद्धालु दैत्य के बड़े आकार के जबड़े से होकर मां दुर्गा के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। कचहरी चौक (सत्कार क्लब) में पटना जंक्शन के विश्वप्रसिद्ध महावीर हनुमान मंदिर के प्रारूप पर बेहद मनमोहक और भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है, जिसकी विद्युत सज्जा देखते ही बनती है। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी व बड़ी खंजरपुर इन स्थानों पर मनमोहक श्री कृष्ण थीम, इस्कॉन मंदिर और भव्य धार्मिक वास्तुकला की झांकी के साथ माता रानी का भव्य दरबार सजाया गया है।

इन विशिष्ट पूजा पंडालों में महासप्तमी के बाद से ही दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लग रही हैं। सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भागलपुर पुलिस के पदाधिकारियों द्वारा इन सभी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निरंतर निगरानी रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763802 Articles

Share this story