डुमरी अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का डीडीसी ने किया निरीक्षण, कचड़ा प्रबंधन व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डुमरी अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का डीडीसी ने किया निरीक्षण, कचड़ा प्रबंधन व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश


डुमरी अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का डीडीसी ने किया निरीक्षण, कचड़ा प्रबंधन व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश


सुपौल, 04 अगस्त (हि.स.)। उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने मंगलवार को राघोपुर प्रखंड के डुमरी स्थित अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण कर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रसंस्करण इकाई के कर्मी उपस्थित मिले। निरीक्षण के क्रम में डीडीसी ने इकाई में एकत्रित अपशिष्ट पदार्थों के संधारण एवं निपटान की जानकारी ली तथा कचड़े को व्यवस्थित ढंग से रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्रसंस्करण इकाई में संधारित पंजियों का भी अवलोकन किया और प्रतिदिन एकत्रित होने वाले अपशिष्ट का विवरण नियमित रूप से पंजी में अद्यतन करने का निर्देश दिया। साथ ही अपशिष्ट पदार्थों के पृथक्कीकरण (सेग्रिगेशन) पर विशेष ध्यान देने को कहा।

इसके बाद डीडीसी ने संबंधित पंचायत में घर-घर से कचरा संग्रहण व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से कचरा उठाव की स्थिति की जानकारी ली तथा स्वच्छता कर्मियों और रिक्शा चालकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कचरा संग्रहण करने वाले रिक्शों पर लगे डस्टबिन पुराने और जर्जर हो चुके हैं। इस पर उन्होंने डस्टबिन बदलने के निर्देश दिए। साथ ही अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई में कचडे का वजन करने के लिए वजन मशीन उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।

ग्रामीणों से बातचीत के दौरान डीडीसी ने लोगों से अपील की कि वे घरों में कचड़ा जमा न रखें और प्रत्येक वार्ड में कार्यरत स्वच्छता कर्मियों को ही कचरा सौंपें। उन्होंने कहा कि अपशिष्ट पदार्थों का उचित प्रबंधन नहीं होने से विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। यदि सभी लोग कचरा प्रसंस्करण इकाई तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे तो उसका वैज्ञानिक तरीके से निपटान होगा और गांव का वातावरण स्वच्छ एवं स्वस्थ बना रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story