बक्सर में नीट टॉपर अक्षत कुमार का भव्य सम्मान
बक्सर, 20 जुलाई (हि.स.)। डुमरांव कैम्ब्रिज स्कूल में नीट-2026 में शानदार सफलता हासिल करने वाले छात्र अक्षत कुमार के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने अक्षत को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। अक्षत ने नीट परीक्षा में 99.3486 पर्सेंटाइल प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक 12,833 तथा ओबीसी वर्ग में 5,888वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ डुमरांव और बक्सर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
समारोह को संबोधित करते हुए अक्षत कुमार ने कहा कि सफलता के लिए केवल महंगी कोचिंग या बड़े शहरों का सहारा जरूरी नहीं है। सही दिशा, नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के बल पर छोटे शहरों से भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय को दिया। उनके पिता सुरेंद्र कुमार सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि माता श्रीमती कुमारी अंजू गृहिणी हैं।
विद्यालय के चेयरमैन टी. एन. चौबे ने कहा कि अक्षत की उपलब्धि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित अध्ययन और निरंतर परिश्रम का उत्कृष्ट उदाहरण है। वहीं प्राचार्य राजीव प्रधान ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बताया कि विद्यालय भविष्य में भी जेईई, नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराता रहेगा।
कार्यक्रम में शिक्षकों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। सफल छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए जूनियर विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग और आत्मविश्वास बनाए रखने का संदेश दिया। अंत में विद्यालय परिवार ने अक्षत कुमार को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनकी सफलता को पूरे विद्यालय के लिए प्रेरणा और गौरव का विषय बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

