डुमरांव में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का भव्य नागरिक अभिनंदन, टीआरई-4 की अधिसूचना जुलाई में जारी होने की घोषणा

WhatsApp Channel Join Now
डुमरांव में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का भव्य नागरिक अभिनंदन, टीआरई-4 की अधिसूचना जुलाई में जारी होने की घोषणा


बक्सर, 10 जुलाई (हि.स.)।

नागरिक मंच डुमरांव के बैनर तले स्थानीय मार्बल हॉल में बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के मंत्री बनने के बाद प्रथम डुमरांव आगमन पर भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में स्थानीय विधायक राहुल सिंह, राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला तथा गया शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी जीवन कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डुमरांव राजपरिवार के छोटे सुपुत्र मानविजय सिंह ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ समाजसेवी मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने किया। समारोह का शुभारंभ वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान से हुआ। इसके बाद राज उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनुराग मिश्रा के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। सीपीएस उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. मो. अशफ़ाक के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया।

युवा भाजपा नेता दीपक यादव ने शिक्षा मंत्री को मां डुमरेजनी का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। शिक्षा मंत्री के डुमरांव आगमन पर पुराना भोजपुर चौक से राजगढ़ चौक तक बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर नागरिकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। पूरे मार्ग में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।

अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बिहार की शिक्षा व्यवस्था को देश के लिए मॉडल बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने घोषणा की कि टीआरई-4 की अधिसूचना जुलाई माह में जारी की जाएगी। साथ ही विद्यालयों के जर्जर भवनों की जानकारी जनप्रतिनिधियों के माध्यम से उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने डुमरांव को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने और नवानगर में स्थापित हो रहे औद्योगिक प्रकल्पों की सराहना भी की।

मौके पर एमएलसी जीवन कुमार ने शिक्षकों के सम्मान, सुविधाओं और पारदर्शी स्थानांतरण व्यवस्था पर बल दिया। विधायक राहुल सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए डुमरांव में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नितिन गडकरी द्वारा लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से डुमरांव शहर में करीब पांच किलोमीटर लंबी आधुनिक सड़क निर्माण की स्वीकृति दी गई है।

उन्होंने कहा कि डुमरांव को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जाएगा और इसे कभी हिंसा एवं नक्सलवाद की राजनीति का केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा। पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला ने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए शिक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम की सफलता में प्रदीप कुमार जायसवाल, प्रो. मनोज सिंह, दिनेश सिंह, संतोष मिश्रा, शक्ति राय, सोनू राय, दीपक यादव, सुमित गुप्ता, ब्रह्मा ठाकुर, धनंजय सिंह, संजय तिवारी सहित अनेक लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह में रामकुमार सिंह, राजवंश सिंह, भोला सिंह, शीला त्रिवेदी, दुर्गावती चतुर्वेदी, अभिषेक रंजन, राहुल कुमार, संटू मित्रा, मगन राय, मुखिया सिंह कुशवाहा, कृष्ण कुमार, सुजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

Share this story