अनियंत्रित डंपर दुकान में ठोकर मार पलटी, चालक की मौत
पूर्वी चंपारण,16 मार्च (हि.स.)। सुगौली थाना क्षेत्र स्थित मोतिहारी-बेतिया राष्ट्रीय उच्च पथ में श्रीपुर जान चौक पर अनियंत्रित डंपर के पलटने से चालक की मौत हो गई।घटना सोमवार के अहले की सुबह है।
पुलिस के अनुसार प्रखंड के उत्तरी श्रीपुर पंचायत के श्रीपुर जान चौक पर सोमवार की सुबह तेज गति से जा रही एक डंपर संतुलन खोकर दुकान में घुस कर दुर्घटना ग्रस्त होकर पलट गई, जिसमें चालक की मौत घटना स्थल पर हीं हो गई।घटना की खबर पर आसपास के लोगो की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीणों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।सूचना मिलते हीं थानाध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह ने एसआई शंभु प्रसाद को पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर भेजा।मृतक की पहचान हरसिद्धि थाना के बैरियाडीह निवासी नमी पासवान के पुत्र मुन्ना पासवान के रूप में हुई है।
मृतक निर्माणाधीन सुगौली-हाजीपुर रेल लाइन में मिट्टी व बालू ढोने का काम करता था।घटना की खबर मृतक के परिजनों को मिलते ही उसके परिजन घटना स्थल पर पहुंचे।घटना को देख मृतक के परिजन रोने बिलखने लगे।मृतक तीन बच्चों का पिता था।मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था।मृतक के परिजनों को लोग समझाने बुझाने में लगे थे।
पुलिस ने घटना की जानकारी लोगो से ली।पुलिस आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को अपने कब्जे में लिया और डंपर को जब्त कर लिया।पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। वही क्षतिग्रस्त दुकान के मालिक अपनी क्षति को लेकर चिंतित दिखे। थानाध्यक्ष ने बताया कि अग्रिम करवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

