चाय-किराना दुकान की आड़ में नशे का कारोबार, दो सगे भाई गिरफ्तार
किशनगंज, 05 सितंबर (हि.स.)। जिले में नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पोठिया थाना पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर चाय एवं किराना दुकान की आड़ में नशीले पदार्थों की बिक्री करने का आरोप है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरीहाट वार्ड संख्या-09 निवासी जमीरुल शाह और सज्जाद शाह के रूप में हुई है। दोनों अख्तर साह के पुत्र बताए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों भाई अपनी दुकान की आड़ में नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पोठिया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर छापेमारी की।
पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 5.97 ग्राम एमडीएमए तथा 10.54 ग्राम स्मैक जैसा नशीला पदार्थ बरामद होने का दावा किया गया है।
पुलिस के अनुसार बरामद नशीले पदार्थ की कीमत बाजार में लाखों रुपये बताई जा रही है। पोठिया थानाध्यक्ष कैप्टन संजय पांडे ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ उन्हें कहां से उपलब्ध होते थे और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाता था।
पुलिस इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मेडिकल जांच के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशीले पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

